ढाका, 17 अगस्त । बांग्लादेश में शुक्रवार को अंतरिम सरकार का विस्तार किया गया, और मोहम्मद युनूस के नेतृत्व वाली टीम में चार नए सलाहकार शामिल किए गए हैं। नए सलाहकारों में अर्थशास्त्री वहीदुद्दीन महमूद, पूर्व कैबिनेट सचिव अली इमाम मजूमदार, पूर्व ऊर्जा सचिव मोहम्मद फौजुल कबीर खान, और लेफ्टिनेंट जनरल जहांगीर आलम चौधरी शामिल हैं।
इन चार नए सदस्यों के जुड़ने के साथ, अंतरिम सरकार की सलाहकार परिषद की कुल सदस्य संख्या बढ़कर 21 हो गई है। मोहम्मद युनूस और 13 अन्य सलाहकारों को 8 अगस्त को शपथ दिलाई गई थी, जबकि दो अन्य को 11 अगस्त को और एक को 12 अगस्त को शपथ दिलाई गई थी।
सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्रों द्वारा किए गए बड़े प्रदर्शन के बाद, शेख हसीना (76) ने इस्तीफा दे दिया था और 5 अगस्त को भारत के लिए रवाना हो गई थीं।
राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने सरकार के मुख्यालय बंगभवन में चार नए सलाहकारों को शपथ दिलाई। प्रवक्ता ने बताया कि एक साधारण समारोह में सलाहकार परिषद और संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में उन्हें शपथ दिलाई गई। उन्होंने यह भी बताया कि उम्मीद की जा रही है कि युनूस बाद में उनके विभागों का आवंटन करेंगे। अधिकांश सलाहकार नागरिक समाज, शिक्षाविद, गैर सरकारी संगठनों और अधिकार समूहों के प्रमुख हैं।